गुरुग्राम 18 मार्च। गुरुग्राम में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण और कालाबाजारी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना सेक्टर-65 पुलिस, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता पूर्व और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार, टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि जेल रोड स्थित इंडेन गैस प्लांट के पास एक प्लॉट में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर तुरंत रेड की गई।

मौके पर आरोपी सुशील कुमार (48 वर्ष), निवासी शांति कुंज फेज-2, भोंडसी, गुरुग्राम को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी ने गैस सिलेंडरों को 3 पिकअप गाड़ियों में छिपाकर रखा हुआ था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 26 भरे हुए और 43 खाली गैस सिलेंडर समेत कुल 69 सिलेंडर बरामद किए हैं। इसके अलावा 3 पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी पिछले करीब 5 वर्षों से गैस सिलेंडर सप्लाई का काम कर रहा था। वह गैस एजेंसियों से ऑर्डर लेकर सिलेंडरों की डिलीवरी नहीं करता था, बल्कि उन्हें जमा करके कालाबाजारी के जरिए ज्यादा दामों पर बेचने की योजना बना रहा था।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत थाना सेक्टर-65, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।




