Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author : Pardeep Narula
गुरुग्राम, 20 मार्च 2026 : नाहरपुर रूपा क्षेत्र में हवाई फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 की रात को थाना सदर गुरुग्राम की पुलिस चौकी नाहरपुर रूपा को सूचना मिली कि राजीव कॉलोनी में फायरिंग की घटना हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को घटनास्थल से 6 खाली कारतूस मिले। इसके बाद सीन ऑफ क्राइम टीम द्वारा भी जांच की गई।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके भाई और चाचा के बेटे का हर्ष नामक व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते 17 मार्च की रात करीब 10 बजे स्कूटी पर आए कुछ लोगों ने उनके घर के बाहर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
इस शिकायत के आधार पर थाना सदर गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने 19 मार्च को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिलु उर्फ राणा (32 वर्ष), निवासी गांव मोखरा, जिला रोहतक और पंकज उर्फ मोटा (30 वर्ष), निवासी नाहरपुर रूपा, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी और शिकायतकर्ता पहले दोस्त थे और एक ही जिम में जाते थे। किसी विवाद के बाद दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ, जिसके बाद बदला लेने की नीयत से यह फायरिंग की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल बरामद की है और मामले की आगे की जांच जारी है।




