Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
कापसहेड़ा बॉर्डर रोड पर सोमवार को गुड़गांव की तेज रफ्तार सिटी बस ने एक कार को रौंद दिया। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की पहचान सेक्टर 41 के संभव निगम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस आरोपी बस चालक का पता लगाकर उसे पकड़ने की कोशिश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, संभव पालम विहार में अपने दोस्त से मिलकर अपनी होंडा अमेज कार से घर लौट रहा था। जब वह कापसहेड़ा बॉर्डर के नजदीक सीएनजी पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो महावीर चौक से कापसहेड़ा बॉर्डर की ओर जा रही रूट नंबर 215बी की तेज रफ्तार सिटी बस ने उसकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमेज कार के परखच्चे उड़ गए। कार पूरी तरह पिचक गई और बस के अगले हिस्से में घुस गई। बस की विंडशील्ड भी चकनाचूर हो गई। हादसे में संभव निगम की मौके पर ही मौत हो गई। बस चालक बस को वहीं पर छोड़कर फरार हो गया
पुलिस के अनुसार, हादसा मोलाहेड़ा मोड़ के पास हुआ। बस चालक घायल बताया जा रहा है, लेकिन वह मौके से फरार हो गया है। बस के कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं। पालम विहार थाने के पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। बस चालक की जानकारी सिटी बस डिपो से मंगवाई गई है। तेज रफ्तार और ड्राइवर की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि बस चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
निजी कंपनी में करते थे काम
संभव निगम निजी कंपनी में काम करते थे। उसके पिता अमित निगम व्यापारी हैं। मां जेनीफर ने बताया कि बेटा अभी युवावस्था में था और परिवार की सारी उम्मीदें उससे जुड़ी थीं। हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।




