Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
रोहिणी नॉर्थ थाना इलाके में पार्किंग विवाद में 78 वर्षीय बुजुर्ग दुकानदार को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। आरोप है कि यह थप्पड़ महिला सब इंस्पेक्टर ने गाड़ी पार्किंग को लेकर मारा है। पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और महिला एसआई की शिकायत पर अलग से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को महिला सब-इंस्पेक्टर अपनी मेडिकल चेकअप के लिए क्लिनिक आई थीं। वह पास के इलाके की रहने वाली हैं, लेकिन उस इलाके में पोस्टेड नहीं हैं। उनके साथ पति भी थे, दोनों सिविल ड्रेस में थे और अपनी निजी गाड़ी से आए थे। उस समय महिला किसी आधिकारिक ड्यूटी पर नहीं थीं। पार्किंग को लेकर महिला सब-इंस्पेक्टर और दुकानदार के बीच कहा-सुनी हो गई। महिला ने कथित तौर पर कहा कि वह डॉक्टर से मिलकर 5-10 मिनट में गाड़ी हटा लेंगी। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों की शिकायतें पीएस नॉर्थ रोहिणी में दर्ज हुईं। बुजुर्ग दुकानदार की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं महिला सब-इंस्पेक्टर की शिकायत पर अलग से पूछताछ चल रही है।
रोहिणी जिला पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि महिला सब-इंस्पेक्टर उस समय ड्यूटी पर नहीं थीं। वह आम नागरिक की तरह मेडिकल चेकअप के लिए आई थीं। दोनों पक्षों की शिकायतों पर जांच की जा रही है।




