Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 6 अप्रैल: हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब की निःशुल्क यात्रा का सुनहरा अवसर सामने आया है। इस यात्रा के लिए विशेष ट्रेन 5 मई को कुरुक्षेत्र से रवाना होगी, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाएंगे।

जिला उपायुक्त अजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का लाभ 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक उठा सकते हैं, जिनकी पारिवारिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है। इच्छुक लाभार्थी 15 अप्रैल तक सरल हरियाणा पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र (PPP), स्वास्थ्य संबंधी स्व-घोषणा और पिछले तीन वर्षों में योजना का लाभ न लेने का प्रमाण आवश्यक है।
इस योजना के तहत सरकार द्वारा यात्रियों के रहने, खाने और स्थानीय परिवहन की पूरी व्यवस्था की जाएगी। “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर संचालित इस योजना में पात्रता की सभी शर्तें पूरी करना अनिवार्य है।
इसके अलावा, पंजीकरण के बाद आवेदकों को लघु सचिवालय स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (DIPRO) कार्यालय में भी अपनी जानकारी देना अनिवार्य होगा, ताकि यात्रियों की सूची रेलवे विभाग को भेजी जा सके।
सरकार की यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक आध्यात्मिक सफर को सहज और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




