Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: गुरुग्राम ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन (रजि.) ने अपना 30वां स्थापना वर्ष उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया। इस मौके पर आयोजित ट्रांसपोर्टर्स मीट एवं सर्टिफिकेट डिस्ट्रीब्यूशन सेरेमनी में गुरुग्राम और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोग पहुंचे।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया गया। वहीं, अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाले लोगों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़ी मौजूदा समस्याओं, चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर भी चर्चा हुई।
ट्रांसपोर्ट नगर के लिए उठी आवाज: एसोसिएशन के प्रधान हुकमचंद शर्मा ने गुरुग्राम में एक व्यवस्थित ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम तेजी से औद्योगिक और कारोबारी हब के रूप में आगे बढ़ रहा है, ऐसे में ट्रांसपोर्ट सेक्टर के लिए भी बेहतर और व्यवस्थित सुविधाएं होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टरों को पार्किंग, कार्यालय और वाहनों की आवाजाही समेत कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए ट्रांसपोर्ट कारोबार के लिए अलग और व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराने की जरूरत है। व्यवस्थाओं में सुधार अब समय की जरूरत है।
एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप बी. मोदी ने भी ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में ट्रांसपोर्ट सेक्टर की अहम भूमिका है। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ट्रांसपोर्टरों के लिए जरूरी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
30 साल की यात्रा को किया याद: प्रदीप बी. मोदी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए एसोसिएशन की 30 वर्षों की यात्रा और ट्रांसपोर्टरों के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए काम करता रहा है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसकी एकजुटता होती है। ट्रांसपोर्टरों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए सभी को मिलकर आवाज उठाने और संगठन को मजबूत करने की जरूरत है।
समारोह में एसोसिएशन के प्रधान हुकमचंद शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनय मंगला, उपाध्यक्ष नरसिंह यादव, जय भगवान और कुलदीप, महासचिव प्रदीप बी. मोदी, कोषाध्यक्ष सुनील यादव समेत कार्यकारिणी के सदस्य और बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोग मौजूद रहे।
पुराने गीतों ने बांधा समां: समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ। मधुर संगीत के बीच पुराने सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले 30 वर्षों से संगठन ट्रांसपोर्टरों के हितों की आवाज उठाने के साथ-साथ आपसी सहयोग और भाईचारे को मजबूत करने का काम कर रहा है। स्थापना वर्ष का यह समारोह संगठन की तीन दशक लंबी यात्रा, एकजुटता और ट्रांसपोर्ट बिरादरी के आपसी जुड़ाव का जश्न बन गया।




