Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
सेक्टर-9 थाना इलाके के सूर्य विहार में सोमवार रात एक मां ने अपनी ढाई साल की नन्ही बेटी का गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद ब्लेड से अपना गला काटकर जान देने की कोशिश की। बच्ची की पहचान अनिका के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नेहा अपने पति आधार और ढाई वर्षीय बेटी अनिका के साथ सूर्य विहार में रह रही थी। सोमवार रात को सेक्टर 9 थाना पुलिस को जानकारी मिली कि एक महिला ने अपनी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी है और खुद भी जान देने की कोशिश की है। पुलिस मौके पर पहुंची तो बच्ची की मौत हो चुकी थी और महिला के गले पर ब्लेड का घाव था। पुलिस घायल को अस्पताल लेकर गई, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नेहा ने पहले अपनी बेटी अनिका का गला दबाकर हत्या कर दी, उसके बाद खुद ब्लेड से गला काट लिया। पुलिस अब महिला के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि उससे पूछताछ की जा सके और इसके पीछे का असली कारण पता चल सके।
पति ने कहा कल झगड़ा हुआ था, पत्नी पर लगाया हत्या का आरोप
वहीं पुलिस ने जब महिला के पति से पूछताछ की तो आधार शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह निजी कंपनी में काम करते हैं और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले हैं। उनकी चार वर्ष पहले पहले शादी हुई थी। परिवार सूर्या विहार में किराए के मकान में रह रहा था। उन्होंने बताया कि उनके व उनकी पत्नी के बीच में अकसर झगड़े होते थे। सोमवार को पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ। झगड़े के बाद आधार शर्मा काम पर चले गए। जब वे ऑफिस से घर लौटे तो देखा कि उनकी बेटी अनिका और पत्नी नेहा बेहोश हालत में पड़ी हुई थीं। जब वह दोनों को अस्पताल लेकर गए तो वहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया और पत्नी का इलाज चल रहा है।




