Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश की राजधानी को बड़े आतंकी हमले से बचाते हुए एक बड़ी जासूसी और आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। स्पेशल सेल ने दिल्ली और पंजाब में दो अलग-अलग ऑपरेशनों के तहत आईएसआई और प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) द्वारा संचालित जासूसी, हथियार तस्करी और रेडिकलाइजेशन मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से चार पिस्टल व 24 कारतूस बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, पहले ऑपरेशन में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 9 सीसीटीवी कैमरे बरामद हुए। ये सोलर से चल रहे थे और संवेदनशील रक्षा और सुरक्षा प्रतिष्ठानों के पास लगाए गए थे। ये कैमरे पाकिस्तान के हैंडलर्स को लाइव फीड भेज रहे थे। इसके अलावा 4 पिस्टल और 24 कारतूस भी बरामद किए गए। दूसरे ऑपरेशन में पंजाब से 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ये आरोपी सेना और अर्धसैनिक बलों की संवेदनशील इंस्टॉलेशनों की रेकी कर रहे थे और विजुअल्स पाकिस्तान भेज रहे थे।
आरोपी एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से संपर्क में थे। वे पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में संवेदनशील जगहों पर कैमरे लगा रहे थे। मॉड्यूल यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए फंडिंग ले रहा था और अवैध हथियार तस्करी, युवाओं को रेडिकलाइज करने तथा आतंकी हमलों की योजना बना रहा था। इन सभी साजिशों को अब नाकाम कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कहा कि यह मॉड्यूल जासूसी, आतंकवाद और हथियार तस्करी का बड़ा नेटवर्क था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।




