Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
प्यार अंधा होता है। प्यार में कुछ सही गलत समझ में नहीं आता। जब आता है तब तक काफी देर हो चुकी होती है। इसी प्यार में पागल एक पूर्व प्रेमिका ने अपने प्रेमी की मंगेतर पर शादी से कुछ दिन पहले एसिड अटैक कर दिया। गोकलपुरी थाना इलाके के इंदिरा विहार में शादी से कुछ दिन पहले 21 वर्षीय युवती पर एसिड फैंका गया है। युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी युवती को भी पकड़ लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोकलपुरी थाना पुलिस को जानकारी मिली कि इंदिरा विहार में एक युवती पर एसिड फेंका गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि पीड़िता को उसके परिवार वाले पहले ही जीटीबी अस्पताल ले जा चुके हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने मौके से सुबूत जुटाए।
पूछताछ में पता चला कि युवती की शादी तय हो गई है और कुछ समय बाद शादी है। लेकिन मंगेतर की पूर्व प्रेमिका इस शादी से खुश नहीं थी। वह नहीं चाहती थी कि युवक की शादी युवती से हो। पूर्व प्रेमिका चाहती थी कि उसकी शादी युवक से हो, इसलिए उसने एसिड फेंकने की योजना बनाई। मंगलवार को पूर्व प्रेमिका ने एसिड फेंका और भाग गई। पीड़ित युवती को काफी चोट आई है और उसका इलाज जीटीबी अस्पताल में चल रहा है। वहीं पुलिस ने मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर जानबूझकर एसिड फेंकने का आरोप है। आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी देख रही है कि इस हमले में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं था।
काफी समय से रिलेशनशिप में थी आरोपी…
सूत्रों की माने तो आरोपी पूर्व प्रेमिका युवती के मंगेतर के साथ काफी समय से रिलेशनशिप में थी। वह कहती थी कि अगर उसने किसी और से शादी की तो उसके ऊपर एसिड फेंक देगी। शादी फिक्स होने के बाद युवक ने अपनी प्रेमिका से बात करनी बंद कर दी। इससे गुस्से में आकर पूर्व प्रेमिका युवती पर एसिड फेंककर भाग गई।




