Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 20 अप्रैल 2026: साइबर सिटी गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू कलह ने एक परिवार को पूरी तरह खत्म कर दिया। अंबेडकर नगर इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6:30 बजे थाना सेक्टर-9A, गुरुग्राम को ईआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि एक घर में पति-पत्नी मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीन ऑफ क्राइम व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया गया।
मृतकों की पहचान सोनम (पत्नी) और दीपक (पति) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले के चावड़ कॉलोनी के निवासी थे। दोनों की उम्र करीब 28 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।
मृतका सोनम की बहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोनम और दीपक की शादी करीब 8 साल पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी और दोनों पिछले 7 साल से गुरुग्राम के अंबेडकर कॉलोनी में रह रहे थे। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था।
बताया गया है कि दीपक शराब पीने का आदी था और इसी बात को लेकर अक्सर पति-पत्नी के बीच झगड़े होते रहते थे। करीब एक महीने पहले दीपक घर छोड़कर अलग रहने लगा था। इसके बाद सोनम ने अपनी बहन को अपने पास रहने के लिए बुला लिया था।
घटना वाले दिन, 19 अप्रैल को शाम करीब 4 बजे सोनम की बहन किसी काम से घर से बाहर गई थी। जब वह शाम करीब 6 बजे वापस लौटी, तो उसने देखा कि सोनम का शव किचन में पड़ा हुआ था, जबकि दूसरे कमरे में दीपक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शाम 5 से 6 बजे के बीच दीपक ने पहले गला घोंटकर सोनम की हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगा ली। दीपक पेशे से टैक्सी चालक था।
फिलहाल पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच की जा रही है।




