Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में दिखी सकारात्मक पहल: निवासियों ने खुद हटाया अतिक्रमण, प्रशासन को मिला सहयोग ! गुरुग्राम शहर में राइट ऑफ वे (ROW) से अतिक्रमण हटाने के प्रशासनिक अभियान को अब आम नागरिकों का भी व्यापक समर्थन मिलने लगा है। सुशांत लोक-1 और डीएलएफ क्षेत्रों में इसका एक सकारात्मक और प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है, जहां बड़ी संख्या में निवासियों ने स्वयं आगे आकर अपने घरों के बाहर किए गए अतिक्रमण हटाने शुरू कर दिए।

सुशांत लोक-1 के डी-ब्लॉक में करीब 250 मकानों वाले क्षेत्र में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी के आह्वान पर लोगों ने प्रशासन का पूरा सहयोग करते हुए स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की। आरडब्ल्यूए द्वारा निवासियों से निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण हटाने की अपील की गई, जिसका व्यापक असर देखने को मिला।
वहीं, सुशांत लोक-1 के ए-ब्लॉक स्थित मैपल ब्लॉक में लगभग 120 मकानों में से शाम तक करीब 75 प्रतिशत घरों के बाहर से बड़े अतिक्रमण हटाए जा चुके थे। इस पहल में राजेश असवानी, बातुस पाल और संजीव बहल जैसे सक्रिय निवासियों की अहम भूमिका रही, जिन्होंने लोगों को प्रेरित कर तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित कराई।
इसी तरह, डीएलएफ फेज-2 में भी करीब 350 मकानों के सामने से निवासियों ने अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाया। लोगों ने गमलों को अंदर शिफ्ट किया, अवैध ग्रिल्स हटाईं और बड़े पौधों को व्यवस्थित तरीके से स्थानांतरित किया।
कुल मिलाकर, 700 से अधिक मकानों में से बड़ी संख्या में लोगों द्वारा स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाना यह दर्शाता है कि जब प्रशासन और नागरिक साथ मिलकर काम करते हैं, तो बदलाव तेजी से संभव होता है। यह पहल न केवल सड़कों को सुगम और सुरक्षित बनाएगी, बल्कि गुरुग्राम को एक व्यवस्थित, सुरक्षित और अतिक्रमण-मुक्त शहर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।




