Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
उत्तर-पश्चिम जिले के साइबर थाने की पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश कराने के नाम पर लोगों को ठगने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गुजरात के अहमदाबाद के अंकित पटेल और पटेल किर्तिकुमार के रूप में हुई है। आरोपियों ने शेयर बाजार में ज्यादा पैसा कमाने का लालच देकर एक व्यक्ति से 9.75 लाख रुपये ठग लिए थे। आरोपियों के पास से चेक बुक, डेबिट कार्ड आदि सामान बरामद किया है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों के नेटवर्क में और कौन शामिल था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूर्वी शालीमार बाग के रहने वाले आदित्य शर्मा ने साइबर थाने में शिकायत दी की कि कुछ लोग उनसे संपर्क करके बोले कि शेयर मार्केट में पैसा लगाओ, बहुत ज्यादा फायदा होगा। भरोसा करके आदित्य ने कुल 9.75 लाख रुपये भेज दिए। लेकिन न तो कोई प्रॉफिट मिला और न ही उनका पैसा वापस आया। जब उन्होंने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो ठग गायब हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
साइबर थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर दिनेश दहिया के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। टीम में एसआई राहुल, हेड कांस्टेबल रोहित और कांस्टेबल बलराम शामिल थे। जांच में पता चला कि ठगों ने म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया था। पैसे एटीएम से निकाले गए और चेक से भी निकासी हुई। बैंक रिकॉर्ड और मोबाइल नंबर की जांच से पुलिस को अहमदाबाद और सूरत की तरफ सुराग मिला। इसके बाद दोनों आरोपी अंकित पटेल और पटेल किर्तिकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से 15 चेक बुक, डेबिट कार्ड, पासबुक, मोबाइल आदि बरामद हुआ।
एक खाते खुलवाता था दूसरा पैसे मैनेज करता था
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि आसानी से पैसा कमाने के लिए वे इस तरह की ठगी करते थे। अंकित पटेल खाते खुलवाता था और पैसे निकालने का काम करता था। किर्तिकुमार आगे पैसा मैनेज करता था। पुलिस अब इस ठगी में और कौन-कौन शामिल है, इसकी भी जांच कर रही है। बाकी लोगों को पकड़ने की कोशिश जारी है।




