Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
पूर्वी दिल्ली के विकास मार्ग पर गीता कॉलोनी कट के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार दंपती व दो बच्चे बाइक समेत सड़क पर गिर गए व घिसटते हुए चले गए। इस दौरान पति की मौत हो गई व पत्नी व बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में भिजवा दिया है। वहीं घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान विश्वास नगर के नीरज के रूप में हुई है। शकरपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी सचिन गुलाटी नोए़डा सेक्टर 31 का रहने वाला है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार, नीरज अपनी पत्नी सोनम और दो बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर कनॉट प्लेस घूमने गए थे। वापस आते समय गीता कॉलोनी कट के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस दौरान दंपती व दोनों बच्चे घायल हो गए। आसपास के लोग उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने नीरज को मृत घोषित कर दिया व घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं लोगों ने कार चालक को भागने नहीं दिया। उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। शकरपुर थाना पुलिस ने कार चालक सचिन गुलाटी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने नीरज का शव पोस्टमॉर्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल के शवगृह में भेज दिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालकर पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी की कार की स्पीड क्या थी। उसने ब्रेक क्यों नहीं लगाए। क्या जानबूझकर टक्कर मारी गई है या कोई और कारण है।




