Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
साहब…! मेरे किरायेदार के मेरी पत्नी के साथ अवैध संबंध थे, इसलिए मैंने उसका गला काट दिया… उसका शव झुग्गी में पड़ा है…! यह बात दिल्ली के शालीमार बाग थाने में जाकर एक युवक ने कही तो पुलिस कर्मियों के पैरों के नीचे से मानो जमीन खिसक गई। आनन फानन में पुलिस कर्मी शालीमार बाग इलाके की इंदिरा कॉलोनी की झुग्गियों में पहुंचे तो देखा कि आरोपी सच कह रहा था। खून में लथपथ पड़े शव की छाती पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए थे। उसका गला भी काटा गया था। वहीं पर चाकू भी पड़ा हुआ था। खून से सने कपड़े पहने आरोपी का एक तरफ से एक पुलिस ने हाथ पकड़ रखा था और दूसरी तरफ से दूसरे पुलिस कर्मी ने। उसने शव के पास खड़े होकर दोहराया कि इसके (मृतक) उसकी पत्नी के साथ उसके अवैध संबंध थे। मृतक युवक की पहचान कन्हैया के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने आरोपी विरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

उत्तर पश्चिमी जिले की डीसीपी अकांक्षा यादव ने बुधवार को बताया कि शालीमार बाग थाने में मंगलवार शाम को विरेंद्र नामक एक युवक पहुंचा। उसने कहा कि उसने अपनी झुग्गी में रहने वाले किरायेदार कन्हैया की हत्या कर दी है। पुलिस कर्मी झुग्गी में पहुंचे। वहां पर उन्हें बिस्तर पर कन्हैया का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। उसका गला कटा हुआ था और उसकी छाती पर चाकू से वार किए गए थे। खून से सने कपड़े पहने आरोपी विरेंद्र भी वहीं खड़ा था। मौके से चाकू भी बरामद किया गया।
पूछताछ में विरेंद्र ने बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी और कन्हैया के बीच गलत संबंध चल रहे थे। इसी गुस्से में उसने कन्हैया को मार डाला। सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी को मौके पर देखा गया। क्राइम टीम, फॉरेंसिक टीम और एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट ने मौके का निरीक्षण किया और सुबूत इकट्ठा किए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
आरोपी और पीड़ित परिवार के बयान में अंतर
पुलिस ने इस बारे में कन्हैया के परिवार को जानकारी दी। परिवार अस्पताल पहुंचा और बेटे के शव को देखकर फूट फूटकर रोने लगा। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि कन्हैया डॉक्टर थे और वह वहां पर क्लीनिक चलाते थे। उन्होंने कहा कि कन्हैया का किसी से कोई अवैध संबंध नहीं था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि विरेंद्र अपनी बहन की बेटी की शादी कन्हैया से करवाना चाहता था। वह इस बारे में कई बार बात कर चुका था। वहीं कन्हैया ने पहले अपनी बहन की शादी करने की बात कही थी। उसके बाद वह अपनी शादी करने की सोचेगा। इसी बात से नाराज होकर विरेंद्र ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के बयान और पीड़ित परिवार की ओर से दी गई जानकारी में अंतर होने की वजह से पुलिस मामले में अब अलग एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने विरेंद्र को फांसी देने की मांग की है।




