Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
अवैध कमाई से बनाए गए मकानों पर गुड़गांव पुलिस का बुलडोजर अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बुधवार को पुलिस ने कुख्यात अपराधी रविंदर उर्फ सरकार के ताजनगर गांव स्थित अवैध मकान को पूरी तरह ढहा दिया। इस कार्रवाई को मिलाकर गुड़गांव में अब तक 21 बदमाशों के अवैध निर्माण पर प्रशासन का पीला पंजा चल चुका है। फर्रूखनगर क्राइम ब्रांच की टीम की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और जिला प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, बदमाशों व हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ जारी कार्रवाई का अध्याय रविंद्र के अवैध निर्माण को गिराकर लिखा जाना था। इसको लेकर पुलिस ने प्रशासन से संपर्क किया। इसके बाद बुधवार को कार्रवाई को लेकर नोटिस जारी किया गया। बुधवार सुबह से ही अधिकारी व पुलिस कर्मचारी इकट्ठा होने लगे। गांव के बाहर बुलडोजर लेकर पहुंच गए। वह अपनी गाड़ियों को सड़क किनारे लगाकर अधिकारियों के आने का इंतजार करने लगे। अधिकारियों के आने के बाद दोपहर को बुलडोजर शुरू किया गया। बुलडोजर गांव में पहुंचते ही लोग समझ गए कि बदमाश सरकार के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा। बुलडोजर ने देखते ही देखते मकान को मलबे में बदल दिया। एेसे में गुड़गांव में खबर इस तरह से फैली कि गुड़गांव में अब किसी बदमाश की बदमाशी नहीं चलेगी।
15 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है रविंद्र उर्फ सरकार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस हिस्ट्रीशीटर को आर्थिक रूप से भी तोड़ रही है। बुधवार से पहले तक 20 जगह के अवैध निर्माण गिराए जा चुके थे। जांच के दौरान पता लगा कि रविंदर उर्फ सरकार ने भी अपराध की दुनिया से मिली काली कमाई से मकान बनवाया है। इस निर्माण के लिए न तो किसी विभाग से अनुमति ली गई थी और न ही कोई वैध कागजात थे। इसके बाद 21वीं कार्रवाई के तहत इसे चिन्हिंत किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी रविंद्र हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, वसूली, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत 15 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
अपराध मुक्ति के लिए जारी रहेंगे अभियान
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुड़गांव पुलिस सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेंगे, ताकि गुड़गांव को अपराध मुक्त व सुरक्षित बनाया जा सके।




