Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने सिम बॉक्स के जरिए डिजिटल अरेस्ट और इन्वेस्टमेंट फ्रॉड करने वाले गिरोह से जुड़े 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दुबई में काम करने वाली एक महिला भी शामिल है।

गुरुग्राम साइबर अपराध दक्षिण थाना पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर 2 अप्रैल 2026 को सेक्टर-65 स्थित एमराल्ड प्लाजा में एक ऑफिस पर रेड की थी। यहां से पुलिस को 4 सिम बॉक्स, नेटवर्क डिवाइस और इंटरनेट कनेक्शन से जुड़ा उपकरण मिला था।
जांच में सामने आया कि इन डिवाइसों का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय कॉल को लोकल नंबर में बदलने के लिए किया जाता था। इसके बाद लोगों को कॉल कर इन्वेस्टमेंट स्कीम और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी की जाती थी।
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सोमवार को 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान झज्जर निवासी मनोज (32) और तमन्ना (25) के रूप में हुई है।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी तमन्ना दुबई की एक कंपनी में काम करती है। वहीं उसकी मुलाकात एक विदेशी नागरिक से हुई थी। उसके कहने पर दोनों आरोपियों ने सिम बॉक्स खरीदकर “Tikal AI Call Center” नाम से ऑफिस शुरू किया और वहां पूरा सेटअप लगाया।
पुलिस के मुताबिक इस काम के बदले आरोपियों को करीब 7 लाख रुपये मिले थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि इस नेटवर्क से जुड़े मामलों में अलग-अलग राज्यों में 21 शिकायतें दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।




