Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक State Bank of India यानी SBI में काम करने वाले कर्मचारियों ने 25 और 26 मई 2026 को दो दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। यह हड़ताल ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन की तरफ से बुलाई गई है।

फेडरेशन ने बैंक चेयरमैन को नोटिस भेजते हुए कहा है कि कर्मचारियों की कई पुरानी मांगें लंबे समय से लटकी हुई हैं और बार-बार बातचीत के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसी वजह से अब आंदोलन का रास्ता चुना गया है।
क्या हैं कर्मचारियों की मुख्य मांगें?
कर्मचारियों ने कुल 16 बड़े मुद्दे उठाए हैं। इनमें सबसे ज्यादा जोर स्टाफ भर्ती, आउटसोर्सिंग रोकने और कर्मचारियों पर बढ़ते काम के दबाव पर दिया गया है।
1. 29 साल से मैसेंजर भर्ती नहीं: फेडरेशन का कहना है कि SBI में पिछले 29 साल से मैसेंजर की भर्ती नहीं हुई। इससे निचले स्तर का स्टाफ लगभग खत्म होने की स्थिति में पहुंच गया है और क्लर्कों को भी दूसरे काम करने पड़ रहे हैं।
2. Armed Guard की भर्ती की मांग: बैंक कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि ATM चोरी और बैंक लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन नए Armed Guards की भर्ती नहीं हो रही।
3. स्टाफ की भारी कमी: यूनियन का आरोप है कि रिटायरमेंट और इस्तीफों के बाद खाली पद नहीं भरे जा रहे। इसकी वजह से कर्मचारियों को छुट्टियों में भी काम करना पड़ रहा है।
4. आउटसोर्सिंग बंद करने की मांग: फेडरेशन ने कहा कि बैंक स्थायी कामों को भी आउटसोर्स कर रहा है, जिससे नौकरी की सुरक्षा और ग्राहक डेटा दोनों पर खतरा बढ़ रहा है।
5. पेंशन और मेडिकल सुविधाओं पर नाराजगी: NPS कर्मचारियों को Pension Fund Manager बदलने का विकल्प देने, मेडिकल रीइम्बर्समेंट बढ़ाने और रिटायर्ड कर्मचारियों के पेंशन मामलों को भी प्रमुख मुद्दों में शामिल किया गया है।
6. Cross-selling के नाम पर Mis-selling का आरोप: कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बैंक में इंश्योरेंस और दूसरे प्रोडक्ट बेचने का इतना दबाव है कि कई बार ग्राहकों को गलत तरीके से पॉलिसी बेची जा रही हैं।
आंदोलन का पूरा प्लान तैयार: फेडरेशन ने मई महीने के लिए कई चरणों में आंदोलन की घोषणा की है। इसमें सोशल मीडिया कैंपेन, लंच टाइम प्रदर्शन, धरना, कैंडल मार्च और सांसदों को ज्ञापन देना शामिल है। 25 और 26 मई को पूरे देश में SBI कर्मचारियों की हड़ताल होगी। अगर इनमें से कोई दिन छुट्टी रहा तो 27 मई को भी हड़ताल की जा सकती है।
ग्राहकों पर क्या असर पड़ेगा?:अगर हड़ताल तय कार्यक्रम के मुताबिक होती है तो बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता है। कैश जमा-निकासी, चेक क्लियरेंस और दूसरे बैंकिंग कामों में देरी देखने को मिल सकती है। हालांकि ATM और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं चालू रहने की संभावना है।
यूनियन ने क्या कहा? AISBISF का कहना है कि कई बार बातचीत और मांगपत्र देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। यूनियन के अनुसार अब कर्मचारियों के पास हड़ताल के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा।
