Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 5 जून 2026। मानेसर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले एक पति ने गुस्से में आकर उसकी चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक 4 जून को थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर को सूचना मिली थी कि एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है और उसका शव अस्पताल में रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन काजल देवी अपने पति नरेंद्र और बच्चों के साथ गांव बास हरिया में किराए के मकान में रहती थी। आरोप है कि नरेंद्र अक्सर छोटी-छोटी बातों पर पत्नी के साथ मारपीट करता था और घर खर्च देना भी बंद कर चुका था। इसके बाद काजल ने एक कंपनी में नौकरी शुरू कर दी थी।
शिकायत के अनुसार, घटना वाली रात नरेंद्र ने अपनी पत्नी को फोन पर किसी से बात करते हुए देखा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी ने चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी नरेंद्र (37), निवासी नंगला दवड़ा, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) को केएमपी एक्सप्रेसवे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी आईएमटी मानेसर स्थित मारुति कंपनी में काम करता है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई चुन्नी भी बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।




