Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में आदतन चोरों के अवैध मकान पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन कराई खाली
गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोहना की पीर कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सरकारी जमीन पर बनाए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर जमीन को कब्जामुक्त कराया।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान पीर कॉलोनी निवासी शाहरुख और अरशद को चिन्हित किया गया। दोनों पर चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शाहरुख के खिलाफ गुरुग्राम में चोरी के 34 मामले दर्ज हैं, जबकि अरशद पर चोरी के 6 और एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर एक मंजिला मकान बना रखा था। पुलिस का दावा है कि आरोपी इसी ठिकाने का इस्तेमाल चोरी की वारदातों के लिए करते थे।
यह कार्रवाई अपराध शाखा सोहना और अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीमों ने प्रशासन के सहयोग से की। पूरे अभियान के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और कानून-व्यवस्था बनाए रखी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों और आदतन अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गुरुग्राम पुलिस ने साफ किया है कि अपराध और अवैध कब्जों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान लगातार चलाया जाएगा।




