Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह में CIA की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार का इनामी बदमाश समेत दो आरोपी गिरफ्तार
नूंह। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत CIA नूंह टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

नूंह पुलिस के प्रवक्ता कृष्ण कुमार के अनुसार, CIA टीम ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान के तिजारा थाना क्षेत्र के रूपबास निवासी जाहिद और नूंह जिले के नगीना थाना क्षेत्र के बदरपुर निवासी साहिल को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में जाहिद के कब्जे से एक देशी कट्टा और उसके चैम्बर में एक जिंदा कारतूस मिला, जबकि साहिल के पास से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में सदर फिरोजपुर झिरका थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।
जांच के दौरान पता चला कि जाहिद राजस्थान के अलवर जिले के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर राजस्थान पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जाहिद हाल ही में फिरोजपुर झिरका इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के मामले में भी आरोपी रहा है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
फिलहाल दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए सदर फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उनका संबंध किसी अन्य आपराधिक गिरोह या वारदात से तो नहीं है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




