Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
वायरल वीडियो मामले में फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट बनाने की साजिश का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने एक चर्चित वायरल वीडियो मामले में कथित तौर पर फर्जी फोरेंसिक और साइबर विश्लेषण रिपोर्ट तैयार कराने की साजिश का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायत एक ऐसे व्यक्ति ने दी थी जो डिजिटल फोरेंसिक, साइबर जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण से जुड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुछ लोगों ने खुद को पंजाब सरकार के वरिष्ठ अधिकारी बताकर उससे संपर्क किया और एक वायरल वीडियो के संबंध में ऐसी रिपोर्ट तैयार करने का दबाव बनाया, जिसमें वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान से इनकार किया जाए।
शिकायत में कहा गया है कि रिपोर्ट को एक तय निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए बार-बार बदलाव करवाए गए। इसके लिए कथित तौर पर फर्जी या संदिग्ध संस्थाओं के नाम का इस्तेमाल किया गया और भारी रकम का लालच भी दिया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसे करीब 10 लाख रुपये नकद दिए गए थे, जबकि इस काम में शामिल अन्य लोगों को भी अलग-अलग माध्यमों से भुगतान किया गया।
बाद में जब शिकायतकर्ता ने रिपोर्ट तैयार करने वाली संस्थाओं और दस्तावेजों की जांच की तो उनकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आपत्ति जताने पर उसे धमकियां भी दी गईं और मामले को सार्वजनिक न करने का दबाव बनाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएलएफ सेक्टर-29 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया। इसके बाद अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने जांच शुरू की और मंगलवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी 25 वर्षीय अरुण महेंद्रु और जींद निवासी 25 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी रिपोर्ट तैयार करने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे, रिपोर्ट बनाने वाली संस्थाएं असली थीं या नहीं, पैसों का लेन-देन कैसे हुआ और इस पूरे मामले से किसे फायदा पहुंचने वाला था।
जांच एजेंसियां इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी व्यक्ति शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




