Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए गुरुग्राम में स्कूल बसों की जांच का विशेष अभियान लगातार जारी है। अभियान के दूसरे दिन संयुक्त टीम ने जिले के अलग अलग स्कूलों की 127 स्कूल बसों की जांच की। इस दौरान सुरक्षा मानकों और जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की गई।

जांच के दौरान कई बसों में नियमों की अनदेखी मिली, जिसके बाद 13 स्कूल बसों के चालान किए गए।
एडीटीओ एवं सहायक सचिव आरटीए हरेंद्र वीर ने बताया कि जांच के दौरान बसों में सुरक्षा उपकरण, जरूरी दस्तावेज और सेफ स्कूल व्हीकल पॉलिसी के तहत तय नियमों का निरीक्षण किया गया।
उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। जिले की सभी स्कूल बसों की चरणबद्ध तरीके से जांच की जाएगी। जिन बसों में सुरक्षा संबंधी कमियां या नियमों का उल्लंघन मिलेगा, उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना और स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराना है।




