Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने 5 नई लॉ एंड ऑर्डर कंपनियों का गठन किया है। इसके साथ ही अब जिले में ऐसी कंपनियों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इन कंपनियों में 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मोर्चा संभालेंगे।

नई कंपनियों को जिले के सभी पुलिस जोनों में तैनात किया गया है। पूर्व, पश्चिम, दक्षिण और मानेसर जोन में दो-दो कंपनियां रहेंगी, जबकि दो कंपनियां पुलिस मुख्यालय के अधीन काम करेंगी। जरूरत पड़ने पर इन्हें जिले के किसी भी इलाके में तुरंत भेजा जा सकेगा।
हर कंपनी में 107 पुलिसकर्मी शामिल हैं। कंपनी की कमान एसीपी रैंक के अधिकारी के हाथ में होगी, जबकि इंस्पेक्टर रैंक का अधिकारी असिस्टेंट कमांडर की जिम्मेदारी निभाएगा।
इन कंपनियों का इस्तेमाल धरना-प्रदर्शन, भीड़ नियंत्रण, कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति, सांप्रदायिक तनाव, वीआईपी ड्यूटी, आपदा प्रबंधन और अन्य संवेदनशील मामलों में किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि इससे किसी भी घटना पर पहले से ज्यादा तेज और प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।
गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक बढ़ती आबादी और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए इन विशेष कंपनियों का गठन किया गया है। इससे जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस की क्षमता और मजबूत होगी।




