Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 में गुरुवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 4 बदमाश मारे गए, जबकि 1 बदमाश घायल हो गया। इस दौरान 3 पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीमों को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध स्कॉर्पियो में हथियारबंद बदमाश घूम रहे हैं। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो बताया गया कि बदमाश एक कारोबारी के घर पर अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग कर रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कारोबारी को विदेश में बैठे एक इनामी गैंगस्टर की ओर से लगातार फिरौती की धमकियां मिल रही थीं। पुलिस ने बदमाशों को सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने पुलिस पर ही गोलियां चला दीं और भागने की कोशिश की।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में पांचों शूटर गोली लगने से घायल हुए। उन्हें तुरंत एक निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का इलाज जारी है।
मुठभेड़ के दौरान गुरुग्राम पुलिस के तीन जवान भी घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम और डीसीपी ईस्ट सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम की टीमों ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मृत और घायल बदमाशों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड, बरामद हथियारों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।




