Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: कार गबन कर पुलिस हिरासत से भागा आरोपी, 8 दिन बाद मध्य प्रदेश से फिर गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने कंपनी की कार गबन करने और पुलिस हिरासत से फरार होने वाले आरोपी को आखिरकार दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब आठ दिन तक पुलिस से बचता रहा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे मध्य प्रदेश के सागर जिले के एक गांव से पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-14 थाना क्षेत्र में जनवरी 2026 में एक कंपनी की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी की कार मरम्मत के लिए सेक्टर-12 स्थित एक वर्कशॉप में छोड़ी गई थी। बाद में जब कार लेने पहुंचे तो वह वहां नहीं मिली। जांच में पता चला कि कंपनी के पूर्व कर्मचारी प्रकाश रजक कार लेकर फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रकाश रजक (27), निवासी सागर (मध्य प्रदेश), को हिरासत में लिया था। 1 जुलाई 2026 को उसे पूछताछ के लिए गुरुग्राम लाया जा रहा था। रास्ते में मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ कस्बे में एक पेट्रोल पंप पर गाड़ी में ईंधन भरवाने के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर सरकारी वाहन सहित फरार हो गया।
इसके बाद सेक्टर-14 थाना प्रभारी निरीक्षक अमित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार दबिश और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने उसे सागर जिले के एक गांव से दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि हिरासत से भागने के बाद आरोपी अपने एक रिश्तेदार के यहां छिपकर रह रहा था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




