Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: पार्किंग में सो रही घरेलू सहायिका को कार ने कुचला, मौत के बाद जांच में जुटी पुलिस
गुरुग्राम। सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी में एक दर्दनाक हादसे में पार्किंग में सो रही घरेलू सहायिका की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। शुरुआती जांच के अनुसार, महिला चालक अपनी थार एसयूवी को रिवर्स कर रही थी, तभी वाहन पार्किंग में आराम कर रही घरेलू सहायिका के ऊपर चढ़ गया।

घायल महिला को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान 57 वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की रहने वाली थीं और सोसाइटी के फ्लैट नंबर 4011 में घरेलू काम करती थीं। काम खत्म होने के बाद वह ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में आराम कर रही थीं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद चालक महिला घायल गुड्डी को दूसरी गाड़ी से अस्पताल लेकर गई थी। अस्पताल में मौत की पुष्टि होने के बाद शव को वापस सोसाइटी लाया गया। घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद शव को उसी पार्किंग क्षेत्र में वापस रख दिया गया, जहां दुर्घटना हुई थी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर नाराजगी जताई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। महिला चालक से पूछताछ की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




