गुरुग्राम में साफ हवा के लिए महंगे फ्लैट में रहने वाले लोगो ने खोली जेब, सोसाइटियों में लग रहीं एंटी-स्मॉग गन
20 करोड़ के फ्लैट में रहने वाले भी जहरीली हवा से परेशान, कहीं छतों पर लगाई जा रहीं मशीनें तो कहीं सड़कों पर पानी का छिड़काव करने के लिए उतारी गईं गाड़ियां
गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ अब लोगों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। जहरीली हवा से बचने के लिए लोग अपने घरों में एयर प्यूरीफायर लगा रहे हैं, लेकिन अब शहर की महंगी और प्रीमियम रिहायशी सोसाइटियों में भी साफ हवा के लिए अलग से इंतजाम किए जा रहे हैं। कहीं ऊंची इमारतों की छतों पर एंटी-स्मॉग गन (Anti-Smog Gun) लगाई गई हैं तो कहीं सड़कों और ग्रीन बेल्ट में पानी का छिड़काव करने के लिए स्प्रिंकलर सिस्टम तैयार किया गया है। कुछ सोसाइटियों ने तो इसके लिए खास गाड़ियां और ई-रिक्शा तक लगा रखे हैं।

हालात ऐसे हैं कि करोड़ों रुपये खर्च करके लग्जरी फ्लैट खरीदने वाले लोग भी अब अपने ही घर के आसपास की हवा को साफ रखने के लिए लाखों रुपये खर्च कर रहे हैं। शहर की कई बड़ी सोसाइटियों की RWA और बिल्डर अपने स्तर पर प्रदूषण से लड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, इन प्रयासों के बीच एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो रहा है कि आखिर शहर में साफ हवा उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है या अब इसके लिए भी लोगों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी?
करोड़ों का फ्लैट, फिर भी साफ हवा नहीं: सेक्टर-48 स्थित सेंट्रल पार्क रिसॉर्ट्स में प्रदूषण से निपटने के लिए किए गए इंतजाम इसकी एक झलक दिखाते हैं। यहां सोसाइटी के अंदर ऑटो और ई-रिक्शा के जरिए सड़कों पर पानी की बारीक फुहार का छिड़काव किया जाता है। वहीं, ऊंची इमारतों की छतों पर लगी एंटी-स्मॉग गन हवा में पानी का छिड़काव करती हैं, ताकि धूल के कणों को कम किया जा सके।
सोसाइटी में रहने वाली शैलजा भाटिया का कहना है कि गुरुग्राम को देश के बड़े और विकसित शहरों में गिना जाता है। यहां से सरकार को बड़े स्तर पर रेवेन्यू मिलता है, लेकिन शहर के लोग आज भी अच्छी सड़कों और साफ हवा जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए परेशान हैं। उनका कहना है कि लोग अपनी जिंदगीभर की कमाई लगाकर करोड़ों रुपये के फ्लैट खरीदते हैं। इसके बावजूद उन्हें अपने घर में साफ हवा तक नसीब नहीं हो रही। यह बेहद निराशाजनक स्थिति है। जब सोसाइटी के लोग अपनी सुरक्षा के लिए छतों पर एंटी-स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर लगवा सकते हैं, तो प्रशासन की तरफ से ऐसे इंतजाम क्यों नहीं किए जा रहे? शैलजा के मुताबिक, प्रदूषण के मुद्दे पर सरकारी एजेंसियों की तरफ से ठोस प्रयास नजर नहीं आते और आखिरकार लोगों को खुद ही अपनी सुरक्षा के लिए कदम उठाने पड़ रहे हैं।
सोसाइटियों ने अपने स्तर पर शुरू की प्रदूषण से जंग: प्रदूषण से परेशान होकर अब शहर की कई बड़ी सोसाइटियों की RWA और बिल्डर अपने स्तर पर इंतजाम कर रहे हैं। सोहना रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड के आसपास की कई सोसाइटियों में एंटी-स्मॉग मशीनें, वाटर स्प्रिंकलर और धूल कम करने वाले उपकरण लगाए गए हैं। इनका इस्तेमाल सोसाइटी की आंतरिक सड़कों, पार्किंग एरिया और ग्रीन बेल्ट में धूल को नियंत्रित करने के लिए किया जा रहा है।
सेक्टर-92 की राइजिंग होम्स सोसाइटी भी इसका एक उदाहरण है। यहां फ्लैट की कीमत करीब 5 से 7 करोड़ रुपये तक बताई जाती है। सोसाइटी के लोगों ने करीब चार साल पहले ही प्रदूषण से निपटने के लिए अपने स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए थे।
RWA अध्यक्ष प्रवीण मलिक के मुताबिक, महंगे फ्लैट खरीदने के बावजूद लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही थी। ऐसे में RWA ने करीब 2.5 लाख रुपये खर्च करके सोसाइटी के STP (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) को स्प्रिंकलर सिस्टम से जोड़ दिया। इसके जरिए ट्रीट किए गए पानी का इस्तेमाल सोसाइटी की ग्रीन बेल्ट और आसपास के खुले हिस्सों में छिड़काव के लिए किया जाता है।
STP के पानी से हो रहा छिड़काव, बढ़ाया गया समय: सोसाइटी में पानी के छिड़काव के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी तय की गई है। यहां सुबह 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक और दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक अलग-अलग शिफ्ट में छिड़काव किया जाता है। दिवाली के बाद प्रदूषण बढ़ने पर RWA ने रोजाना छिड़काव के समय में दो घंटे का इजाफा भी कर दिया है।
प्रवीण मलिक का कहना है कि बारिश के दौरान बड़ी मात्रा में पानी बह जाता है। इस पानी का सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो प्रदूषण कम करने में मदद मिल सकती है। STP से ट्रीट किए गए पानी का इस्तेमाल गर्मियों में भी राहत देने और सर्दियों में धूल व स्मॉग को नियंत्रित करने के लिए किया जा सकता है। हालांकि, उनका कहना है कि सिर्फ सोसाइटी के अंदर पानी का छिड़काव करने से पूरी समस्या खत्म नहीं होगी। सोसाइटी के बाहर मुख्य सड़कों के किनारे निर्माण सामग्री, रेत और खुले में पड़ी धूल भी प्रदूषण की बड़ी वजह हैं। जब तक इन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन सख्त कदम नहीं उठाएगा, तब तक लोगों को पूरी राहत मिलना मुश्किल है।
GRAP-3 के बीच पांच निर्माण साइट सील: एक तरफ सोसाइटियों के लोग अपनी तरफ से प्रदूषण कम करने के प्रयास कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रशासन भी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई कर रहा है। गुरुग्राम में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) ने धूल नियंत्रण के नियमों की अनदेखी करने वाले पांच निर्माण स्थलों को सील कर दिया है। इनमें से तीन निर्माण स्थल उद्योग विहार इलाके में हैं।
जांच के दौरान इन साइटों पर धूल को फैलने से रोकने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं मिले। इसके अलावा डस्ट पोर्टल से जुड़े नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था। अधिकारियों की टीम निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग, डस्ट स्क्रीन और निर्माण सामग्री को ढककर रखने जैसे नियमों की जांच कर रही है। इसके साथ ही GRAP के तहत जिन निर्माण गतिविधियों पर रोक लगाई गई है, उन पर भी नजर रखी जा रही है। सिक्योरिटी टीमों को सड़कों पर कचरा फेंकने, बिना ढके मलबा ले जाने और खुले में कचरा जलाने जैसी गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सवाल वही, आखिर साफ हवा कब मिलेगी?: गुरुग्राम की तस्वीर अब कुछ ऐसी हो गई है कि शहर की पॉश सोसाइटियों में रहने वाले लोग भी साफ हवा के लिए अलग से इंतजाम करने को मजबूर हैं। किसी ने लाखों रुपये खर्च करके स्प्रिंकलर सिस्टम लगवाया है तो किसी ने छतों पर एंटी-स्मॉग गन लगवाई है। इसके अलावा सड़कों पर पानी का छिड़काव करने के लिए गाड़ियां भी लगाई जा रही हैं।
लेकिन ये इंतजाम आखिर कब तक लोगों को खुद करने पड़ेंगे? अगर करोड़ों रुपये के फ्लैट में रहने वाले लोग भी जहरीली हवा से परेशान हैं, तो उन लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है, जिनके पास ऐसे इंतजाम करने के लिए पैसे भी नहीं हैं। साफ हवा हर नागरिक की जरूरत है, न कि सिर्फ उन लोगों की जो इसके लिए लाखों रुपये खर्च कर सकते हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन के प्रयासों से गुरुग्राम के लोगों को कब तक प्रदूषण से वास्तविक राहत मिल पाती है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




