पड़ोसियों का झगड़ा शांत कराने गए युवक की धक्का लगने से मौत, आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम के मोहम्मदपुर झाड़सा में हुई घटना, पति-पत्नी के बीच हो रहे विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे थे विनय कुमार
गुरुग्राम, 14 नवंबर। शहर के मोहम्मदपुर झाड़सा इलाके में पड़ोसियों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। बीच-बचाव करने पहुंचे 35 वर्षीय विनय कुमार की धक्का लगने से मौत हो गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले राजन कुमार ने उन्हें धक्का दिया, जिससे उनका सिर पीछे दीवार से टकरा गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी राजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 13 नवंबर की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच की है। विनय कुमार अपने परिवार के साथ मोहम्मदपुर झाड़सा में रहते थे। वह मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। उनके पड़ोस में रहने वाले राजन कुमार और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। दोनों के बीच झगड़ा बढ़ता देख विनय कुमार उन्हें समझाने और मामला शांत कराने के लिए पहुंच गए।
इसी दौरान राजन कुमार ने विनय कुमार को धक्का दे दिया। धक्का लगने से विनय का संतुलन बिगड़ गया और उनका सिर पीछे दीवार से जा टकराया। वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन और आसपास के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुआ केस: घटना की सूचना मिलने के बाद 14 नवंबर को सेक्टर-37 थाना पुलिस को अस्पताल में एक व्यक्ति की मौत होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां मृतक की पत्नी ने पूरे मामले की शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजन कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूली धक्का देने की बात: पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए 14 नवंबर को मोहम्मदपुर झाड़सा से आरोपी राजन कुमार (35) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण का रहने वाला है।
पुलिस पूछताछ में राजन कुमार ने बताया कि उसका अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हो रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले विनय कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे थे। आरोपी के मुताबिक, इसी दौरान उसने विनय को धक्का दे दिया, जिससे उनका सिर दीवार से टकरा गया और चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




