गुरुग्राम में 247 एकड़ में बनेंगे पार्क, जलभराव रोकने के लिए बनाए जाएंगे तालाब
गुरुग्राम। शहर में विकसित किए जा रहे पार्कों और खुले स्थानों को अब सिर्फ हरियाली तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इनमें बारिश के पानी को सहेजने और जलभराव की समस्या से निपटने के इंतजाम भी किए जाएंगे। गुरुग्राम में करीब 247 एकड़ जमीन पर विकसित होने वाले इन पार्कों में छोटे तालाब और वाटर रिटेंशन पॉन्ड बनाए जाएंगे, ताकि बारिश के दौरान जमा होने वाले पानी को सुरक्षित रखा जा सके। इसके साथ ही पार्कों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाए जाएंगे, जिससे बारिश का पानी जमीन के अंदर पहुंच सके और भूजल स्तर को सुधारने में मदद मिले।

हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने बुधवार को इस परियोजना की समीक्षा के लिए बैठक की। बैठक में उन्होंने हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (HSIIDC) की ओर से विकसित किए जा रहे 247 एकड़ के पार्कों और खुले स्थानों की योजना पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि पार्कों के विकास के दौरान जल संरक्षण और बारिश के पानी के प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आईएएस धीरज कुमार बेहरा, HSIIDC के प्रबंध निदेशक आईएएस विनय प्रताप सिंह, GMDA के मुख्य नगर योजनाकार संजीव मान सहित दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पार्कों के विकास का काम संभाल रही एजेंसी निप्पॉन कोई (Nippon Koi) के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
अगले मानसून से पहले तैयार करने होंगे वाटर बॉडीज: बैठक में शहर में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों को बताया गया कि पार्कों में ऐसे जलाशय और तालाब विकसित किए जा सकते हैं, जहां बारिश का अतिरिक्त पानी जमा हो सके। इससे एक ओर पानी को बेकार बहने से रोका जा सकेगा, वहीं दूसरी ओर शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या कम करने में भी मदद मिलेगी।
डीएस ढेसी ने HSIIDC को निर्देश दिए कि पार्कों के डिजाइन में वाटर बॉडीज और पानी को रोककर रखने वाले तालाबों के लिए पर्याप्त जगह रखी जाए। उन्होंने GMDA और HSIIDC के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और अगले मानसून से पहले प्रस्तावित जलाशयों को विकसित करने के निर्देश भी दिए। इसका उद्देश्य बारिश शुरू होने से पहले ही पानी के संग्रह और निकासी से जुड़े इंतजाम तैयार करना है।
पार्कों में लगेंगे रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम: पार्कों में बारिश के पानी को जमीन में पहुंचाने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे भूजल रिचार्ज को बढ़ावा मिलेगा और बारिश के पानी का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पार्कों और खुले स्थानों के विकास की योजना में इन व्यवस्थाओं को भी शामिल किया जाए।
बैठक में निप्पॉन कोई के प्रतिनिधियों ने बताया कि 247 एकड़ क्षेत्र में पार्कों और खुले स्थानों को विकसित करने के लिए विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। डीएस ढेसी ने कहा कि पार्कों का विकास करते समय केवल लैंडस्केपिंग और हरियाली पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है। इनमें पानी बचाने, बारिश के पानी को जमा करने और जलभराव से निपटने के स्थायी इंतजाम भी होने चाहिए।
इस परियोजना के तहत विकसित होने वाले पार्क शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार में भी भूमिका निभा सकते हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि विकास कार्यों में इन सभी पहलुओं को शामिल करते हुए समय पर काम पूरा किया जाए।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




