गुरुग्राम में पेट्रोल भरवाकर भागी Verna, थार का निकला नंबर
गुरुग्राम: शहर में पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने का एक और मामला सामने आया है। सुशांत लोक इलाके में एक कार चालक पेट्रोल पंप से 4500 रुपये का पेट्रोल डलवाकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने अपनी कार पर किसी दूसरी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर लगा रखा था। जांच में पता चला कि हुंडई वर्ना पर लगी नंबर प्लेट महिंद्रा थार रॉक्स के नाम पर रजिस्टर्ड है।

घटना सोमवार देर रात पारस अस्पताल के सामने स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप की है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे काले रंग की हुंडई वर्ना पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर पहुंची। चालक के कहने पर कर्मचारी ने कार में करीब 4500 रुपये का पेट्रोल भर दिया। पेट्रोल डालने के बाद जैसे ही कर्मचारी ने नोजल हटाई, चालक ने भुगतान करने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और मौके से फरार हो गया।
नंबर प्लेट से पकड़ में आई गड़बड़ी
पेट्रोल भरवाकर भागने की पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। इसके बाद पंप संचालक ने कार की नंबर प्लेट के आधार पर चालक की पहचान करने की कोशिश की। गाड़ी पर HR-13-X-1313 नंबर दर्ज था। जांच में सामने आया कि यह नंबर बहादुरगढ़ में रजिस्टर्ड महिंद्रा थार रॉक्स का है, जबकि पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने आई गाड़ी हुंडई वर्ना थी।
इस तरह कार पर दूसरी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर लगाए जाने का मामला भी सामने आया है। घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए फरार कार चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




