सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा से समझौता नहीं, स्वास्थ्य और सम्मान का भी रखें ध्यान : डॉ. सुषमा गोरियाल
गुरुग्राम में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य ने अधिकारियों के साथ की बैठक, नियमित स्वास्थ्य जांच और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
सीवर सफाई के दौरान हादसों को रोकने पर जोर, कर्मचारी की मौत होने पर परिवार को समय पर मुआवजा देने की हिदायत
गुरुग्राम, 25 नवंबर। सफाई कर्मचारियों की मेहनत से ही शहर साफ-सुथरा रहता है, लेकिन सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले इन कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। काम के दौरान उनकी जान जोखिम में न पड़े और उन्हें सम्मान के साथ बेहतर सुविधाएं मिलें, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य डॉ. सुषमा गोरियाल ने बुधवार को गुरुग्राम में अधिकारियों के साथ हुई बैठक में यह बात कही। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित इस बैठक में डॉ. सुषमा गोरियाल ने नगर निगम और दूसरे संबंधित विभागों के अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। ऐसे में उनकी जरूरतों को समझना और उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाएं उपलब्ध कराना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कर्मचारियों की नियमित स्वास्थ्य जांच और सुरक्षा उपकरणों पर जोर
बैठक में आयोग की सदस्य ने सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारियों की समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराई जाए और इसके लिए नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं। सफाई के दौरान कर्मचारियों को जरूरी सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएं। केवल उपकरण देना ही काफी नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कर्मचारी काम के दौरान उनका सही तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को कई बार ऐसे हालात में काम करना पड़ता है, जहां उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए विभागों को उनकी कार्य परिस्थितियों में सुधार करने के साथ-साथ उनकी समस्याओं को भी गंभीरता से सुनना चाहिए। कर्मचारियों के आर्थिक और सामाजिक विकास के अलावा उनकी शिक्षा और परिवार के कल्याण पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
सीवर सफाई में जान जोखिम में डालने की जरूरत नहीं
डॉ. सुषमा गोरियाल ने सीवर की सफाई के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को विशेष रूप से आगाह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी को बिना जरूरी सुरक्षा इंतजाम के सीवर में नहीं उतारा जाना चाहिए। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों और तय सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि सीवर सफाई के दौरान यदि किसी कर्मचारी की मौत हो जाती है तो उसके परिवार को मुआवजा देने में देरी नहीं होनी चाहिए। प्रभावित परिवार को निर्धारित मुआवजा तय समय के भीतर मिले। इसके साथ ही परिवार को मिलने वाली दूसरी सरकारी सहायता और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं, ताकि मुश्किल समय में उन्हें आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
स्वच्छ भारत मिशन से सफाई कर्मचारियों को मिली नई पहचान
आयोग की सदस्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता को एक जन आंदोलन का रूप मिला है। स्वच्छ भारत मिशन के जरिए देशभर में लोगों के बीच साफ-सफाई को लेकर जागरूकता बढ़ी है। इसके साथ ही सफाई कर्मचारियों के योगदान और उनके सम्मान को भी नई पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद सफाई कर्मचारियों के साथ संवाद कर और उनके काम को महत्व देकर यह संदेश दिया है कि देश को स्वच्छ बनाने में उनकी भूमिका बेहद अहम है। सफाई कर्मचारी केवल अपना काम नहीं कर रहे, बल्कि शहरों और देश को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
डॉ. गोरियाल ने कहा कि राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग लगातार सफाई कर्मचारियों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए काम कर रहा है। अब जरूरी है कि सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ कर्मचारियों तक सही तरीके से पहुंचे। इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा और यह देखना होगा कि कर्मचारियों को कागजों पर नहीं, बल्कि वास्तव में सुविधाएं मिल रही हैं।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में गुरुग्राम नगर निगम के संयुक्त आयुक्त प्रीतपाल, एसीपी कपिल, जिला समाज कल्याण अधिकारी सरफराज खान, डिप्टी डीईओ गीता आर्य, एलडीएम विनोद बजाज और तहसील कल्याण अधिकारी जितेंद्र मौजूद रहे। इनके अलावा सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और यूनियन के पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




