रायसीना में बुलडोजर एक्शन के बाद नया बवाल, RWA बोली- नए अवैध निर्माणों पर कौन लगाएगा लगाम?
गुरुग्राम: अरावली की पहाड़ियों में अवैध फार्म हाउसों का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। रायसीना में नगर परिषद सोहना की ओर से चलाए गए तोड़फोड़ अभियान के बाद अब स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। दो दिनों के भीतर 12 से अधिक फार्म हाउसों पर कार्रवाई की गई, लेकिन RWA का कहना है कि पहाड़ियों में नए निर्माणों का सिलसिला अब भी नहीं थम रहा।

अंसल रिट्रीट रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि प्रशासन का अभियान उन निर्माणों तक नहीं पहुंच रहा, जो हाल में तैयार किए जा रहे हैं। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सवाल उठाया कि जब NGT ने प्रतिबंधित क्षेत्र में नए निर्माण पर रोक लगा रखी है, तो वहां निर्माण गतिविधियां आखिर किसकी अनुमति या संरक्षण में चल रही हैं?
पुराने निर्माण तोड़ने से नहीं रुकेगा अवैध निर्माण: RWA अध्यक्ष राजेश वत्स के मुताबिक, पहाड़ियों में नए फार्म हाउस तैयार होना संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि प्रभावशाली लोगों और अधिकारियों के कथित गठजोड़ के चलते निर्माण कार्यों पर रोक नहीं लग पा रही। एसोसिएशन का दावा है कि कार्रवाई के नाम पर कुछ पुराने निर्माणों को तोड़ा जा रहा है, जबकि नए निर्माणों को लेकर प्रशासन की सक्रियता नजर नहीं आती।
750 फार्म हाउसों का मामला, 450 में चल रही गतिविधियां: रायसीना की पहाड़ियों में करीब 750 फार्म हाउस होने का दावा किया जा रहा है। इनमें लगभग 450 फार्म हाउस फिलहाल सक्रिय बताए जाते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इतनी बड़ी संख्या में निर्माण और उनका संचालन अरावली के संरक्षण को लेकर चिंता बढ़ा रहा है। अब सवाल केवल अवैध निर्माण हटाने का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में नियमों की निगरानी और पालन सुनिश्चित करने का भी है।
रात में निर्माण सामग्री पहुंचने पर उठाए सवाल: निवासियों का कहना है कि पहाड़ियों में रात के समय भी निर्माण कार्यों से जुड़ी गतिविधियां जारी रहती हैं। ईंट, सीमेंट और मशीनरी पहुंचने के बावजूद संबंधित विभागों को इसकी भनक कैसे नहीं लगती? RWA ने इस बात की जांच की मांग की है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में निर्माण सामग्री पहुंचाने और नए ढांचे खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।
फार्म हाउसों में पार्टियों को लेकर भी शिकायत: एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने फार्म हाउसों में रात के समय कथित रेव पार्टियां आयोजित होने और नशीले पदार्थों के इस्तेमाल की शिकायत भी उठाई है। उनका आरोप है कि पहाड़ियों के सुनसान इलाकों में होने वाली ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी नहीं है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से इन शिकायतों की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती: रायसीना में मौजूदा विवाद ने प्रशासन के सामने दो बड़ी चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। पहली, NGT के प्रतिबंधों का उल्लंघन कर हो रहे नए निर्माणों पर रोक लगाना और दूसरी, पहले से मौजूद फार्म हाउसों में नियमों के पालन की जांच करना। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक निर्माण की शुरुआत से ही निगरानी नहीं होगी, तब तक तोड़फोड़ अभियान चलाने का स्थायी असर नहीं दिखाई देगा।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




