सील तोड़कर फिर शुरू किया कारोबार, B-711 इमारत दोबारा सील
सुशांत लोक-1 में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई ब्रांड के शोरूम खाली कराए; मकान मालिक, केयरटेकर और किरायेदारों पर FIR की सिफारिश
गुरुग्राम, 27 नवंबर। नियमों को ताक पर रखकर सील तोड़ना और फिर उसी इमारत में धड़ल्ले से कारोबार शुरू करना अब भारी पड़ गया। सुशांत लोक-1 स्थित मकान नंबर B-711 में बिना अनुमति सील खोलकर दोबारा व्यावसायिक गतिविधियां शुरू किए जाने का मामला सामने आने के बाद टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने इमारत में चल रहे सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को खाली कराया और पूरी बिल्डिंग को एक बार फिर सील कर दिया। इतना ही नहीं, इमारत की बिजली आपूर्ति भी बंद करवा दी गई है। विभाग ने इस मामले में मकान मालिक, केयरटेकर और कारोबार चला रहे किरायेदारों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की सिफारिश की है।

यह कार्रवाई जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) अमित मधोलिया के नेतृत्व में की गई। हुड्डा सिटी सेंटर, जिसे अब मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के नाम से जाना जाता है, के ठीक सामने स्थित B-711 इमारत में बेसमेंट के अलावा चार मंजिलें हैं। विभाग के मुताबिक, इस इमारत को पहले 9 सितंबर 2026 को चलाए गए सीलिंग अभियान के दौरान सील किया गया था। लेकिन सीलिंग के कुछ समय बाद ही कथित तौर पर बिना विभाग की अनुमति के सील खोल दी गई और इमारत में फिर से व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दी गईं।
इमारत में चल रहे थे कई बड़े ब्रांड के शोरूम
शुक्रवार को जब विभाग की टीम ने मौके पर निरीक्षण किया तो इमारत में कई बड़े ब्रांड के शोरूम और व्यावसायिक प्रतिष्ठान चलते मिले। इनमें वाइब्स, 11 स्पेस, सरफेसस और फिट क्लब जैसी गतिविधियां शामिल थीं। सील की गई इमारत में दोबारा कारोबार शुरू होने की जानकारी मिलने पर डीटीपी (प्रवर्तन) अमित मधोलिया खुद टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
इसके बाद विभाग की टीम ने सभी प्रतिष्ठानों को खाली कराया। इमारत के बेसमेंट से लेकर ऊपर की मंजिलों तक जांच की गई और सभी हिस्सों को फिर से सील कर दिया गया। साथ ही बिजली विभाग के माध्यम से इमारत की बिजली आपूर्ति भी बंद करवा दी गई, ताकि दोबारा वहां व्यावसायिक गतिविधियां शुरू न हो सकें।
मकान मालिक और केयरटेकर की भूमिका भी जांच के घेरे में
विभाग की शुरुआती जांच में मकान मालिक और केयरटेकर गुनजन की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि दोनों की ओर से विभाग की अनुमति के बिना सील हटाई गई। वहीं, सील खुलने के बाद इमारत में दोबारा कारोबार शुरू करने वाले किरायेदार भी विभाग की कार्रवाई के दायरे में हैं।
विभाग का मानना है कि सीलिंग के बावजूद इमारत में व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करना नियमों का उल्लंघन है। इसी को देखते हुए मकान मालिक, केयरटेकर और संबंधित किरायेदारों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की सिफारिश की गई है।
DLF फेज-2 की दो और इमारतों पर शनिवार को कार्रवाई
इस कार्रवाई के दौरान विभाग को DLF फेज-2 की दो अन्य इमारतों में भी सील के साथ छेड़छाड़ किए जाने की जानकारी मिली है। अमित मधोलिया ने बताया कि इन दोनों इमारतों के खिलाफ शनिवार को कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीम वहां भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच करेगी और जरूरत पड़ने पर इमारतों को दोबारा सील किया जाएगा।
इन मामलों में भी संबंधित मकान मालिकों और किरायेदारों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की सिफारिश की जाएगी। यानी अब विभाग की नजर उन इमारतों पर भी है, जहां पहले सीलिंग की कार्रवाई होने के बावजूद कथित तौर पर दोबारा व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं।
सील तोड़कर कारोबार करने वालों पर होगी सख्ती
डीटीपी (प्रवर्तन) अमित मधोलिया ने साफ कहा कि विभाग की ओर से किसी इमारत को सील किए जाने के बाद बिना अनुमति सील खोलना और दोबारा व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अमित मधोलिया, जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन), टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग, गुरुग्राम
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




