गुरुग्राम से 27 बांग्लादेशी नागरिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू, पुलिस सुरक्षा में ट्रेन से रवाना
गुरुग्राम, 28 नवंबर। गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 27 बांग्लादेशी नागरिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया के तहत पुलिस ने उन्हें ट्रेन से रवाना कर दिया। सभी 27 लोगों को 27 नवंबर को पुलिस सुरक्षा और निगरानी में ट्रेन के जरिए भेजा गया। खास बात यह रही कि सभी की यात्रा की व्यवस्था को देखते हुए ट्रेन में एक अतिरिक्त जनरल कोच भी लगवाया गया, ताकि सफर के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) और पीओ स्टाफ की अलग-अलग कार्रवाई में इन 27 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया था। शुरुआती जांच में इनके पास भारत में रहने के लिए जरूरी वैध वीजा, पासपोर्ट या अन्य अनुमति से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले थे।
हिरासत में लेने के बाद सभी को नियमानुसार मानेसर स्थित डिटेंशन सेंटर भेजा गया था। यहां उनके दस्तावेजों और भारत में रहने से जुड़े मामलों की जांच के साथ जरूरी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद 27 नवंबर को इन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया के तहत पुलिस की निगरानी में ट्रेन से रवाना किया गया।
सुरक्षा के बीच ट्रेन से किया गया रवाना: पुलिस के जवानों की मौजूदगी में सभी 27 नागरिक ट्रेन में सवार हुए। उनकी संख्या को देखते हुए रेलवे से समन्वय कर ट्रेन में एक अतिरिक्त जनरल कोच की व्यवस्था भी कराई गई थी। पुलिस के मुताबिक, पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का ध्यान रखा गया और सभी को निर्धारित प्रक्रिया के तहत रवाना किया गया।
अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान का अभियान जारी: गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। जिले में रहने वाले विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की जांच और सत्यापन पर भी जोर दिया जा रहा है।
पुलिस के इस अभियान के तहत अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




