इन निःशुल्क जिमों में जाकर युवा नशा करने से भी बचेगा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में खुलवाई हैं 250 निःशुल्क इंडोर जिम
नूंह जिले के कोटा खंडेवला, झामूवास और कामेंडा गांव में खोले गए हैं इंडोर जिम
Bilkul Sateek News
फिरोजपुर झिरका, 13 जनवरी। जिला परिषद के जिला प्रमुख जान मोहम्मद ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के युवाओं को व्यायाम करने के लिए इंडोर जिम खुलवाकर बेेहतरीन कार्य किया है। इनके खुलने से इन जिम में जाकर युवा व्यायाम कर ना केवल शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहेंगे। बल्कि अपराध व नशे की प्रवृति से भी दूर रहेंगे। उन्होंने कहा कि नूंह जिले को तीन ओपन जिम मिली हैं। जिनमें तावडू खंड के गांव झामूवास व कोटला खंडेवला तथा फिरोजपुर झिरका खंड के गांव कामेंडा के खेल स्टेडियम में इनको प्रारंभ किया गया है।
पंचायत विभाग के तत्वाधान में फिरोजपुर झिरका खंड के गांव कामेंडा के खेल स्टेडियम में खोली गई झंडोर जिम का जिला प्रमुख जान मोहम्मद ने कल विधिवत रूप से उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मौजूद युवाओं को संबोधित करते हुए जान मोहम्मद ने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी की बेहतरीन सोच का परिणाम है कि आज उनके द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में खोली गई 250 इंडोर जिम का उद्घाटन किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि मेवात को आगे बढ़ाना है तो उनको शिक्षा के साथ-साथ खेलों पर ध्यान देना होगा। अपराध, नशा एवं साइबर अपराध जैसे संगीन अपराधों से दूर रहकर ईमानदारी के साथ अपने परिवार का पालन पोषण करें, ताकि ये बच्चे स्वस्थ समाज एवं देश को उन्नत करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
पंचायत विभाग के कार्यकारी अभियंता योगेश शर्मा ने बताया कि इस इंडोर जिम में खेल विभाग द्वारा कोच की व्यवस्था की गई है। यहां पर चैकीदार भी लगाया हुआ है। पुलिस विभाग की तरफ से दो एसपीओ भी तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस इंडोर जिम की देखरेख पंचायत विभाग एवं ग्राम पंचायत कामेंडा द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसमें जिम करने के लिए आने वाले युवाओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। निःशुल्क इंडोर जिम में ज्यादा से ज्यादा युवा आकर व्यायाम करें और स्वस्थ रहें।
इस अवसर पर पंचायत विभाग के कनिष्ठ अभियंता रिजवान और ग्राम पंचायत कामेंडा के सरपंच निसार खान भी मौजूद थे।



