गुरुग्राम: गुरुग्राम पुलिस की साईबर सेल ने अलग-अलग कारणों मोबाईल फोन्स गुम होने के सम्बन्ध प्राप्त हुई शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए CEIR पोर्टल की सहायता से लोगों के गुम हुए 152 मोबाईल फोन्स को ढूंढकर बरामद करने में सफलता हासिल की है, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपए है। साईबर सेल पश्चिम की पुलिस टीम ने मोबाइल उनके मालिकों तक पहुंचा दिए हैं। 2024 में 783 गुम हुए मोबाईल फोन्स को CEIR पोर्टल की सहायता से पुलिस टीम द्वारा ढूंढ़कर बरामद किया गया। इन मोबाईल फोन्स की अनुमानित कीमत 1.9 करोड़ रुपये है।
पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम के निर्देशानुसार गुरुग्राम पुलिस लोगों के गुम हुए मोबाईल फोन को CEIR (सेंट्रल-इक्विपमेंट-आइडेंटिटी-रजिस्टर) पोर्टल व पुलिस तकनीकी की सहायता से ढूंढकर बरामद करने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम करण गोयल ने लोगों से अनुरोध किया है कि किसी भी प्रकार से कोई मोबाईल फोन या अन्य वस्तु मिलती है तो उस वस्तु का अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में जमा कराए।
CEIR (सेंट्रल-इक्विपमेंट-आइडेंटिटी-रजिस्टर) पोर्टल दूरसंचार विभाग का एक नागरिक केंद्रित पोर्टल है। यह पोर्टल मोबाईल फोन उपकरणों को उनके अंतर्राष्ट्रीय मोबाईल उपकरण पहचान (IMEI) नंबरों का इस्तेमाल करके प्रबंधित और ट्रैक करने के लिए बनाया गया है।
अगर किसी का मोबाईल फोन गुम या चोरी हो जाता है तो गुम हुए मोबाईल फोन के IMEI को बन्द कराया जा सकता है। इसके लिए संबंधित थाने में शिकायत दर्ज करानी होती है और फिर CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर जाकर मोबाईल फोन का IMEI नंबर ब्लॉक कराना होता है।
अगर आपका मोबाईल फोन भी गुम हो जाए तो उसकी शिकायत www.ceir.gov.in पर जरूर करे। ताकि आपके गुम हुए मोबाईल फोन को ढूंढकर आपको लौटाया जा सके। गुरुग्राम पुलिस सदैव आपकी सेवा, सुरक्षा व सहयोग के लिए तत्पर है।



