दोनों आरोपी सीमा शुल्क विभाग की हिरासत में
दोनों यात्री जम्मू कश्मीर के निवासी
सिक्कोंं का वजन दस किलोग्राम
दिल्ली, 6 फरवरी। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने दो यात्रियों से 7.8 करोड़ रुपये के सोने के सिक्के बरामद किए हैं। सिक्कों का वजन 10 किलोग्राम से ज्यादा बताया गया है। दोनों यात्रियों ने कमर बेल्ट में सोना छिपा रखा था।
सीमा शुल्क विभाग ने बताया कि आईजीआई एयरपोर्ट पर नई दिल्ली के कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) ने कल फ्लाइट एआई-138 के जरिए मिलान से आने वाले कश्मीर के दो पुरुष यात्रियों को रोका लिया, जिनकी आयु 43 व 45 के बीच की है। तलाशी के दौरान दोनों यात्रियों से 10.092 किलोग्राम सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 7.8 करोड़ रुपये आंकी गई है। कस्टम विभाग ने दोनों को आगे की जांच के लिए हिरासत में लिया है।
सीमा शुल्क विभाग ने बताया कि आरोपी जम्मू कश्मीर के निवासी हैं और उन्हें कल इटली के मिलान से दिल्ली लौटने के दौरान हवाई अड्डे पर रोका गया। विभाग ने कहा कि आरोपियों के सामान की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन व्यक्तिगत तलाशी लेने पर विशेष रूप से डिजाइन की गई कमर बेल्ट में छिपा कर रखे गए सोने के सिक्के बरामद हुए।

संबंधित कहानियां



