Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-31 ने 25 लाख रुपए की लूट के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5-5 हजार रुपए के इनामी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, एक पिस्टल और 6 लाख 52 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक 29 अप्रैल 2026 को एक फिनटेक कंपनी की ओर से शिकायत दी गई थी कि कंपनी के कलेक्शन मैनेजर से सेक्टर-47 स्थित पार्क हॉस्पिटल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब 25 लाख रुपए लूट लिए थे। शिकायत के आधार पर थाना सदर गुरुग्राम में केस दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-31 की टीम ने 30 मई को फाजिलपुर स्थित सीडी इंटरनेशनल स्कूल के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान आकिब खान उर्फ सानू, हरी नागर उर्फ पवन और संजय अनुरागी उर्फ संजू के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले से जानते थे कि फिनटेक कंपनी के कर्मचारी बड़ी रकम कलेक्ट करते हैं। इसके बाद उन्होंने रैकी की और वारदात को अंजाम दिया। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी संजय और हरी नागर वर्ष 2024 में दिल्ली में हुई 65 लाख रुपए की डकैती की वारदात में भी शामिल रह चुके हैं और जेल जा चुके हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आकिब खान के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 4 मामले दर्ज हैं। वहीं हरी नागर के खिलाफ 6 और संजय अनुरागी के खिलाफ दिल्ली में एक आपराधिक मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक, एक पिस्टल और 6.52 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी पुष्पेंद्र अनुरागी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जिसके पास से 4 लाख रुपए नकद और करीब 1 लाख रुपए कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया गया था।
अब तक इस मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और कुल 10.52 लाख रुपए नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया जा चुका है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




