Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा पालम विहार टीम ने मंगलवार देर रात एक मुठभेड़ के बाद 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान झज्जर जिले के मारौत गांव निवासी नितिन उर्फ छोटा (23) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपहरण कर फिरौती मांगने के एक मामले में वांछित था और उस पर इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अवैध हथियार के साथ बाइक पर पटौदी रोड से सेक्टर-93 की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। करीब 40 मिनट बाद एक संदिग्ध बाइक सवार वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने भागने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार पीछा किए जाने पर आरोपी की बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वह सुरक्षित बच गया। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह लगातार फायरिंग करता रहा।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुठभेड़ के दौरान कुल सात राउंड फायरिंग हुई। इनमें आरोपी की ओर से चार और पुलिस की ओर से तीन राउंड फायर किए गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, कारतूस के खोखे और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बरामद बाइक पालम विहार इलाके से चोरी की गई थी।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक नितिन उर्फ छोटा पर दिल्ली और हरियाणा में हत्या, डकैती, फिरौती मांगने और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी, ताकि उसके अन्य आपराधिक मामलों और साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।




