Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
मानेसर में अवैध मंडियों पर कार्रवाई, 700 मीटर से ज्यादा फुटपाथ और ग्रीन बेल्ट खाली
मानेसर नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए आईएमटी क्षेत्र के आसपास लगने वाली अवैध मंडियों को हटाया। यह कार्रवाई गांव खोह, नाहरपुर कासन और बांस कुसला में शंकर की ढाणी के पास की गई।

नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने फुटपाथ और ग्रीन बेल्ट पर किए गए अस्थायी कब्जों को हटाकर करीब 700 मीटर से ज्यादा सार्वजनिक जगह को अतिक्रमण मुक्त कराया।
यह अभियान नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह के निर्देश पर एसडीओ शशिकांत की अगुवाई में चलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से लगाई गई मंडियों को हटाया और लोगों को दोबारा सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी।
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, फुटपाथ और ग्रीन बेल्ट पर मंडियां लगने से यातायात प्रभावित होता है और राहगीरों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
एसडीओ शशिकांत ने कहा कि सार्वजनिक जगहों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से तय स्थानों पर ही व्यापारिक गतिविधियां संचालित करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




