Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में रैपिडो राइडर से बाइक और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 8 जून को रैपिडो राइडर ने थाना सेक्टर-50 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि एक युवक ने रैपिडो ऐप के जरिए बाइक राइड बुक की और उसे घसोला गांव के पास ले गया। वहां पहले से मौजूद एक अन्य युवक भी उसके साथ मिल गया। दोनों ने मिलकर राइडर से बाइक और मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सोहना की टीम ने कार्रवाई करते हुए 16 जून को महेंद्रवाड़ा मोड़, सोहना से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कादरपुर निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी छीना-झपटी का एक मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई बाइक और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।




