
Mausam during his love marriage two years ago, held against family wishes.
छत पर पहुंचा पति तो वहां का नजारा देख उड़े होश
किसी गैर मर्द की बाहों में थी पत्नी
प्रेमी ने पति के सिर पर मारा पिस्तौल का बट
पत्नी प्रेमी के साथ फरार
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 8 अप्रैल। दो साल पहले भरोसा करके परिजनों के विरोध के बाद भी जिसे अपना जीवन संगिनी बनाया था। वह ही उसे धोखा दे देगी, ऐसा तो टाटा ब्लू स्मार्ट टैक्सी चालक ‘मौसम‘ ने सपने में भी कभी नहीं सोचा था। सोमवार सुबह 6 बजे जब मौसम ड्यूटी खत्म करके बसई एन्केलव के गली नंबर 4 स्थित अपने घर पहुंचा तो उसे अपनी पत्नी कहीं नहीं दिखाई दी। इसके बाद वह उसे ढूंढता हुआ छत पर पहुंच गया।
छत का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। पत्नी किसी और की बाहों में समाई हुई थी। मौसम ने किसी तरह अपने आप को संभाला और दोनों के सामने पहुंच गया। दोनों उसे देखकर जरा से भी नहीं घबराए। उल्टे विरोध करने पर पत्नी के प्रेमी नवीन ने अपनी पैंट की जेब से देशी कट्टा निकालकर उस पर तान दिया। दोनों ने मौसम को मेरठ कांड जैसा हाल करने की धमकी दी। नवीन ने कट्टे का वार मौसम के सिर पर किया। दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। पत्नी ने मौसम को पीछे से पकड़ लिया। इस दौरान मौसम ने पड़ोसियों से गुहार भी लगानी शुरू कर दी, जिससे कोई आकर उसे दोनों दुष्टों से बचा ले। दोनों एक-दूसरे से हाथापाई करते हुए सीढ़ियों से नीचे आ गए। मौका पाते ही पत्नी मौसम को धमकी देते हुए प्रेमी के साथ फरार हो गई।

झज्जर जिले के खरमाण गांव निवासी मौसम ने दो साल पहले ही लव मैरिज की थी। उसकी पत्नी पंजाब के मोगा में रहती थी और वहीं पर एक मुलाकात के बाद दोनों के बीच पींगे बढ़ने लगी थी। मौसम के परिजन इस शादी के खिलाफ थे। मौसम ने अपने परिजनों के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था। काम के सिलसिले में मौसम गुरुग्राम में रहने लगा था। मौसम इस वारदात के बाद डर कर अपने गांव झज्जर लौट गया है। मौसम के सिर पर कट्टे के वार से जख्म भी आया है। मौसम ने उसका मेडिकल भी करवा लिया है।
मौसम ने सेक्टर 10 थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। मौसम को नवीन से अपनी जान का खतरा है। उसने पुलिस से अपनी सुरक्षा की मांग भी की है। मौसम ने बताया कि नवीन पर पहले से ही कई अपराधिक मामले दर्ज है। नवीन 7-8 महीने पहले ही उसकी पत्नी के संपर्क में आया था। उसकी पत्नी और नवीन की जान-पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। मौसम की पत्नी नवीन को साढ़े तीन माह पहले अपने मायके में हुई एक शादी में भी ले गई थी। जहां पर पत्नी ने नवीन को अपना जेठ बताया था।
इस बीच, सेक्टर 10 थाने के जांच अधिकारी पुष्पेंद्र ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। घर से बिना गोली के खाली देसी कट्टा मिला है। मौसम की पत्नी अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ कर फरार हो गई है। जबकि नवीन ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर रखा है। पुलिस जल्द ही दोनों को तलाश कर गिरफ्तार कर लेगी।