Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के अर्जुन नगर में देर रात हमला, नकाबपोश बदमाशों ने घर को बनाया निशाना
गुरुग्राम के अर्जुन नगर स्थित गली नंबर-11 में देर रात कुछ नकाबपोश युवकों द्वारा एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने लाठी-डंडों, ईंटों और पत्थरों से लैस होकर एक मकान के बाहर जमकर हंगामा किया। इस घटना में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 8 से 10 युवक चेहरे ढककर गली में पहुंचे और सीधे एक घर को निशाना बनाते हुए हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने मकान के बाहर खड़े होकर पथराव किया और लाठी-डंडों से तोड़फोड़ की।
पीड़ित परिवार के सदस्य चिराग ने बताया कि हमलावर बेहद आक्रामक थे और उनके इरादे गंभीर नजर आ रहे थे। स्थिति को भांपते हुए परिवार ने तुरंत मुख्य लोहे का गेट बंद कर लिया, जिससे हमलावर घर के अंदर प्रवेश नहीं कर सके।
गेट बंद होने के बाद आरोपियों ने बाहर से ही लगातार ईंट-पत्थर फेंके। परिवार के विरोध करने पर महिलाओं के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना में परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं।
घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में कुछ युवक लाठी-डंडों के साथ घर पर पथराव करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है और स्थानीय निवासी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




