Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
निवेश के नाम पर 2.53 करोड़ की साइबर ठगी, गुरुग्राम पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा
गुरुग्राम, 18 जून। निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर 2.53 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गुरुग्राम साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 मोबाइल फोन, 53 एटीएम कार्ड, 24 पासबुक, 5 चेकबुक और 2 आईपी कैमरे बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 18 मई 2026 को एक व्यक्ति ने साइबर अपराध पश्चिम थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि निवेश के नाम पर उससे करीब 2.53 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम में से 15 लाख रुपये अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए एक बैंक खाते में भेजे गए थे। यह खाता एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम पर था, जिसमें चार मोबाइल नंबर जुड़े हुए थे।
तकनीकी जांच और डिजिटल विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने दिल्ली में सक्रिय एक मोबाइल नंबर को ट्रैक किया और कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जनक (27), निवासी विवेक विहार, दिल्ली, दिनेश कुमार (30), निवासी बावल, रेवाड़ी और पवन कुमार (26), निवासी फतेहाबाद के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के कहने पर ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करते थे। इसके बदले उन्हें हर महीने 25 हजार रुपये सैलरी और ठगी की रकम से बोनस दिया जाता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों का संपर्क टेलीग्राम के जरिए हुआ था और वे पिछले करीब छह महीने से साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे।
गुरुग्राम पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनके अन्य साथियों, बैंक खातों और पूरे साइबर फ्रॉड नेटवर्क की जांच कर रही है।




