गुरुग्राम में बाइक सवार बदमाशों ने महिला की सोने की चेन झपटी, दो आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम: पालम विहार इलाके में बाइक पर सवार होकर महिला के गले से सोने की चेन छीनने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पर दिल्ली में हत्या के प्रयास, लूट और चोरी समेत 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर को एक महिला ने थाना पालम विहार में शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि 11 नवंबर को नोबेल एनक्लेव, पालम विहार में बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान विनय उर्फ मोटा निवासी गांव बोहड़ा कलां, गुरुग्राम (वर्तमान पता गोपाल नगर, नजफगढ़, दिल्ली) और ललित मिश्रा उर्फ विक्की उर्फ राहुल निवासी गांव धंगा, सहरसा, बिहार (वर्तमान पता बापडोला विहार, नजफगढ़, दिल्ली) के रूप में हुई है।
पुलिस ने विनय को 25 नवंबर को बिजवासन रोड, पालम विहार से गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे आरोपी ललित मिश्रा को 26 नवंबर को दिल्ली के बापडोला विहार, नजफगढ़ से पकड़ा गया।
एक आरोपी पर दिल्ली में दर्ज हैं 25 आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि विनय उर्फ मोटा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ दिल्ली में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत अलग-अलग अपराधों के कुल 25 मामले दर्ज हैं।
वहीं, पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक बाइक भी बरामद की है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को 26 नवंबर को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इस तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




