गुरुग्राम में स्टंटबाजी के दौरान खड़ी कार में मारी टक्कर, रोकने पर युवक को कुचलने की कोशिश; 3 गिरफ्तार
गुरुग्राम: शहर के सेक्टर-34 स्थित DPG कॉलेज के पास मार्बल मार्केट में स्टंटबाजी करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। तेज रफ्तार में कार से स्टंट कर रहे युवकों ने एक दुकान के बाहर खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। जब मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो चालक ने कार नहीं रोकी, बल्कि एक अन्य व्यक्ति को भी गाड़ी से टक्कर मारने का प्रयास किया। हालांकि, मार्केट के व्यापारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को रुकवा लिया और पुलिस को सूचना दी। मामले में सदर थाना पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 23 नवंबर की सुबह करीब 11 से 11:30 बजे के बीच की है। ERV-272 पर सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी दुकान के बाहर कार खड़ी थी। इसी दौरान एक अन्य कार में सवार युवक स्टंटबाजी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर खड़ी कार से जा टकराई। हादसे के बाद जब चालक को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने गाड़ी रोकने के बजाय वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति को भी टक्कर मारने की कोशिश की।
मौके पर मौजूद व्यापारियों ने किसी तरह कार को रुकवाया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम कार समेत आरोपियों को थाने ले आई। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तीनों आरोपी गुरुग्राम की यूनिवर्सिटी में करते हैं पढ़ाई: पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्रिंस (20), निवासी बमरोल, सिकंदरपुर बढ़ा, गुरुग्राम, गोपाल तंवर (21), निवासी गांव मांडी, साउथ-वेस्ट दिल्ली और विवेक सिंह (22), निवासी जिला चंदौली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। विवेक फिलहाल सिकंदरपुर बढ़ा, गुरुग्राम में रह रहा था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी गुरुग्राम की एक यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करते हैं। घटना के समय प्रिंस अपने पिता की कार चला रहा था और उसके साथ गोपाल व विवेक भी मौजूद थे। तीनों स्टंटबाजी कर रहे थे, इसी दौरान कार खड़ी गाड़ी से टकरा गई और फिर मौके पर मौजूद एक व्यक्ति को भी टक्कर मारने की कोशिश की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद कर ली है। फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




