Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के सेक्टर-92 में स्थित ‘सारे होम्स सोसाइटी’ (Sare Homes Society) से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ शनिवार देर रात कुछ युवकों ने शराब के नशे में जमकर तांडव मचाया। युवकों ने न सिर्फ सोसाइटी के अंदर लगे नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि रोकने पर वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट भी की। इस पूरे बवाल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फ्लैट के अंदर चली शराब पार्टी, फिर कैंपस में मचाया हुड़दंग: सारे होम्स सोसाइटी के RWA अध्यक्ष प्रवीण मलिक ने बताया कि शनिवार देर रात सोसाइटी में रहने वाले एक किराएदार से मिलने के लिए दो बाहरी युवक आए थे। ये दोनों पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं और गढ़ी हरसरू के रहने वाले हैं। इन सबने पहले फ्लैट के अंदर बैठकर जमकर शराब पी। इसके बाद आधी रात को तीनों युवक सोसाइटी के कॉमन एरिया और कैंपस में नीचे उतर आए और जोर-जोर से हुड़दंग मचाने लगे।
फॉर्च्यूनर की छत और बोनट पर चढ़कर किया डांस: हंगामा तब और बढ़ गया जब इन आरोपियों ने अपनी फॉर्च्यूनर कार के दरवाजे खोल दिए और फुल वॉल्यूम में तेज म्यूजिक बजाना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब एक युवक कार के बोनट और छत पर चढ़कर हरियाणवी गानों पर डांस करने लगा। आधी रात को इस तरह के शोर-शराबे से पूरी सोसाइटी के रेजिडेंट्स डर गए।
रोकने पर सिक्योरिटी गार्ड्स को बेरहमी से पीटा: रात के समय सोसाइटी में शोर-शराबा बढ़ता देख वहां तैनात सिक्योरिटी स्टाफ ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। गार्ड्स ने उनसे शांति बनाए रखने और अपने फ्लैट में वापस जाने को कहा। लेकिन इस बात पर कार सवार युवक भड़क गए। उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड्स को गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं और उन्हें लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। वीडियो में दबंग युवक सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट करते साफ नजर आ रहे हैं।
112 नंबर आता रहा बिजी, वीडियो वायरल होने पर जागी पुलिस: RWA अध्यक्ष के मुताबिक, जब सोसाइटी में यह मारपीट और हंगामा हो रहा था, तब उन्होंने मदद के लिए पुलिस इमरजेंसी नंबर 112 पर लगातार कॉल की। हालांकि, काफी देर तक यह नंबर बिजी आता रहा, जिससे मौके पर तुरंत पुलिस सहायता नहीं मिल सकी। इसके बाद इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे देखकर लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने गुरुग्राम पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का बड़ा एक्शन: फॉर्च्यूनर समेत 2 गाड़ियां सीज, किराएदार को मिला अल्टीमेटम: सोशल मीडिया पर बढ़ते आक्रोश और RWA की लिखित शिकायत के बाद गुरुग्राम पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों की फॉर्च्यूनर समेत 2 गाड़ियों को इंपाउंड (जब्त) कर लिया है। दोनों बाहरी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने और सोसाइटियों की शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
दूसरी तरफ, RWA ने भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। हुड़दंगियों को घर बुलाने वाले किराएदार को 2 दिन के भीतर फ्लैट खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया गया है। RWA प्रेसिडेंट प्रवीण मलिक ने बताया कि इस किराएदार की आदतें पहले भी खराब रही हैं और उसे पहले भी ऐसा हुड़दंग मचाने और गाली-गलौज करने के लिए नोटिस और जुर्माना लगाया जा चुका था, लेकिन उसमें कोई सुधार नहीं हुआ।





