Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
फर्जी सिम और बैंक खाते बेचने वाले गिरोह पर नूंह पुलिस का शिकंजा, चार आरोपी गिरफ्तार
नूंह। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, फर्जी एटीएम कार्ड और एक कार बरामद की गई है। शुरुआती जांच में साइबर ठगी से जुड़े कई अहम सुराग भी हाथ लगे हैं।

पहले मामले में साइबर थाना नूंह की टीम को सूचना मिली थी कि राजस्थान के डीग जिले के गांव सामदीका निवासी वसीम अकरम फर्जी पहचान और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर लोगों को पुराने नोटों और दुर्लभ सिक्कों की खरीद-फरोख्त का झांसा देकर ठगने की कोशिश कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में तिजारा रोड स्थित ईदगाह के पास छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन, तीन सक्रिय सिम कार्ड, दो फर्जी सिम कार्ड और एक कार बरामद हुई।
पुलिस जांच में मोबाइल फोन से संदिग्ध व्हाट्सएप चैट, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े डिजिटल सबूत भी मिले हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी पुराने सिक्के और करेंसी खरीदने-बेचने के नाम पर लोगों को जाल में फंसाने की तैयारी कर रहा था।
साइबर ठगों को बेचते थे खाते और एटीएम कार्ड
दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि गांव नहारिका निवासी शाहरुख साइबर अपराधियों को फर्जी बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड उपलब्ध कराने का काम करता है।
इस सूचना पर पुलिस ने गांव कामेड़ा स्थित खेल स्टेडियम के पास छापेमारी की और शाहरुख के साथ मध्य प्रदेश के सतना निवासी रितेश वर्मा तथा उत्तर प्रदेश के बाराबंकी निवासी विजय कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, 11 एटीएम कार्ड और छह संदिग्ध सिम कार्ड बरामद किए गए। मोबाइल फोन की जांच में फर्जी खातों की खरीद-फरोख्त से संबंधित चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी साइबर अपराधियों को बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड उपलब्ध कराकर ठगी के नेटवर्क को मजबूत करने का काम कर रहे थे।
दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत साइबर थाना नूंह में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।




