Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने ऑनलाइन ठगी के अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, फर्जी सिम कार्ड और ऑनलाइन ऑफर का झांसा देकर लोगों से ठगी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, संदिग्ध चैट, क्यूआर कोड और डिजिटल सबूत बरामद किए हैं।

पहले मामले में साइबर थाना नूंह पुलिस ने साइबर सेल और प्रतिबिंब ऐप की मदद से पुन्हाना क्षेत्र के नगला जमालगढ़ गांव निवासी मुकाबिल को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर सस्ते दाम में सूट और साड़ी बेचने का लालच देकर लोगों से पैसे ऐंठता था। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन मिले हैं, जिनमें कई संदिग्ध चैट, फोटो, वीडियो और अलग-अलग नंबरों से चल रहे सोशल मीडिया अकाउंट मिले।
दूसरे मामले में अपराध जांच शाखा तावडू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पाटुका निवासी अरबाज को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी पुराने नोट और सिक्कों की खरीद-बिक्री के नाम पर लोगों को फंसाता था। आरोपी फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट और सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर ठगी को अंजाम देता था। उसके पास से पांच मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
तीसरे मामले में सीआईए नूंह की टीम ने गांव टाई के पास कार्रवाई करते हुए पलवल निवासी मुशर्रफ को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी पेट शॉप बनाकर व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए पशु-पक्षियों की डिलीवरी का झांसा देता था और एडवांस पैसे लेकर लोगों को ठगता था। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और संदिग्ध सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। बरामद मोबाइल और डिजिटल सबूतों की तकनीकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी से बचने के लिए लोग सोशल मीडिया पर किसी भी ऑफर या ऑनलाइन डील पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच जरूर करें।




