Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। गुरुग्राम में शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। महिला पर आरोप है कि उसने अपनी पिछली शादियों की जानकारी छिपाकर एक रियल एस्टेट कारोबारी से विवाह किया और बाद में उसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की संपत्ति खरीदने का दबाव बनाया।

शिकायतकर्ता संदीप कुमार ने बताया कि वह मूल रूप से भिवानी के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से गुरुग्राम में रियल एस्टेट का कारोबार कर रहे हैं। उनके अनुसार वर्ष 2023 में कंपनी के लिए रिसेप्शनिस्ट की भर्ती की गई थी, जिसमें सोनीपत निवासी वर्षा का चयन हुआ। नौकरी के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और 27 जून 2023 को हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया।
कारोबारी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि महिला पहले भी दो शादियां कर चुकी है, लेकिन यह जानकारी उनसे छिपाई गई थी। उनका कहना है कि इसके बाद महिला ने उन्हें परिवार से अलग रहने के लिए दबाव बनाया और बाद में झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर ₹2 करोड़ का फ्लैट खरीदने की मांग की। आरोप है कि फ्लैट की पहली किस्त के रूप में वह 18 लाख रुपये भी ले चुकी है, जबकि कुल मिलाकर करीब 21 लाख रुपये दिए गए।
संदीप ने यह भी आरोप लगाया कि 12 जून को महिला अपने परिजनों के साथ उनके कार्यालय पहुंची और जबरन ताला लगाकर कब्जा करने की कोशिश की। साथ ही कार्यालय के सीसीटीवी सिस्टम का एक्सेस भी अपने नियंत्रण में ले लिया। इस संबंध में पुलिस आयुक्त को अलग से शिकायत दी गई है।
मामले में नया मोड़ तब आया जब महिला के पहले पति सचिन ने भी गंभीर आरोप लगाए। सचिन का दावा है कि वर्षा पहले उनकी लैब में रिसेप्शनिस्ट के रूप में कार्यरत थी। नौकरी से हटाए जाने के बाद उसने निजी जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराई।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि महिला ने अपने पहले दोनों पतियों सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ भी दुष्कर्म और अपहरण जैसे मामले दर्ज कराए थे। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सेक्टर-65 थाना प्रभारी रामवीर ने बताया कि कारोबारी की शिकायत के आधार पर महिला को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में महिला और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 13 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।




